रेयाज अहमद
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर) –नगर पालिका परिषद मुहम्मदाबाद द्वारा 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान का नेतृत्व नगर पालिका चेयरमैन रईस अंसारी ने किया, जिसका उद्देश्य “स्वच्छता ही सेवा” के संदेश को फैलाना और नगर को साफ-सुथरा बनाना है।
स्वच्छता अभियान की शुरुआत मुहम्मदाबाद के तहसील मुख्यालय से हुई और यह मुख्य बाजार होते हुए फाटक तक पहुंचा। इस सफाई अभियान में नगर के कई प्रमुख व्यक्तियों ने हिस्सा लिया, जिनमें अधिशासी अधिकारी वीरेन्द्र राव, स्वच्छता अभियान के ब्रांड एंबेसडर संतोष यादव, भाजपा नेता दिनेश वर्मा, नगर पालिका के कर्मचारी, सम्मानित सभासदगण और सफाई कर्मचारी शामिल थे।
सभी ने मिलकर नगर में सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया। नगर पालिका का यह कदम स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगरवासियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
