गाजीपुर। जनपद के विकास खंड मोहम्दाबाद में उपनिदेशक (पंचायत) वाराणसी मंडल के तत्वावधान में दो दिवसीय अनावासीय महिला ग्राम प्रधान प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में मोहम्दाबाद, भांवरकोल और वाराचवर विकास खंडों की महिला ग्राम प्रधानों को नेतृत्व क्षमता, संचार कौशल और लैंगिक समानता पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण का शुभारंभ सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) मोहम्दाबाद श्री अशोक कुमार यादव, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) वाराचवर श्री राम अवध राम, वरिष्ठ फैकल्टी सह प्रबंधक डीपीआरसी चंदौली श्री सुनील सिंह एवं महिला ग्राम प्रधानों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
श्री अशोक कुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि महिला ग्राम प्रधानों का सशक्तिकरण उनके नेतृत्व क्षमता को बढ़ाने में सहायक होगा। उन्होंने बताया कि जिन ग्राम पंचायतों में महिला प्रधान सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं, वहां पुरुष प्रधानों की तुलना में अधिक विकास देखने को मिलता है। महिलाओं की समस्याओं और उनके हितों को समझने में महिला प्रधानों की भूमिका अधिक प्रभावी होती है।
श्री राम अवध राम ने कहा कि महिला प्रधानों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों की सही जानकारी होनी चाहिए ताकि वे स्वतंत्र रूप से निर्णय ले सकें और सरकार की मंशा के अनुरूप लैंगिक समानता को बढ़ावा दे सकें।
प्रशिक्षण के दौरान पंचायती राज व्यवस्था, ग्राम सभा, ग्राम पंचायत का गठन, ग्राम प्रधान की भूमिका एवं दायित्व, प्रधान को पद से हटाने की प्रक्रिया, सतत विकास लक्ष्य, तथा जेंडर आधारित भेदभाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण सत्र को प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर शशि कुमार, कन्हैया राम और सुनील सिंह द्वारा संचालित किया गया।
प्रदीप कुमार पाण्डेय