मुहम्मदाबाद- गाजीपुर नगर के यूसुफपुर स्थित माता महाकाली मंदिर परिसर में मंगलवार की रात्रि माता रानी का भव्य श्रृंगार एवं हवन पूजन का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। धार्मिक अनुष्ठान में सैकड़ों श्रद्धालु भक्तों ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
मंदिर में विधि-विधान से माता महाकाली का अभिषेक कर श्रृंगार किया गया। माता को विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित किए गए। इसके पश्चात विश्व कल्याण और सुख-शांति हेतु सामूहिक हवन पूजन का आयोजन हुआ। श्रद्धालु भक्तों ने यज्ञ वेदी में आहुति अर्पित कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति और विश्व शांति की कामना की।
पूरे कार्यक्रम का संचालन छांगुर प्रसाद तिवारी के देखरेख में संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने नारियल, चुनरी, फल और मिष्ठान अर्पित कर माता का दर्शन-पूजन किया। दुर्धरा सहित आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने भी माता महाकाली के दरबार में हाजिरी लगाई और अपनी मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की।
कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध लोकगायकों ने ‘बड़ा निक लागेला मैया के लाल चुनरी’ और ‘निमिया के डार मैया’ जैसे भक्ति गीतों की प्रस्तुतियों से माहौल भक्तिमय कर दिया। भक्तगण देर रात तक भजन-कीर्तन में झूमते रहे।
अंत में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने माता का प्रसाद ग्रहण किया। भव्य भंडारे का आयोजन रातभर चलता रहा, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद पाकर आत्मिक सुख की अनुभूति की।
समीर राजपूत